गेउर नदी पुल के ऊपर बहा पानी, जान जोखिम में डालकर आवागमन करते रहे लोग।
राकेश जयसवाल – राजपुर…
सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण राजपुर विकासखंड के ग्राम ओकरा स्थित गेउर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया। इसके बावजूद कई ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल भी पुल पार करते नजर आए।

पुल के ऊपर तेज बहाव होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर पानी चढ़ने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। आवागमन रोकने के लिए न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही मौके पर पर्याप्त निगरानी की व्यवस्था थी। मजबूरी में ग्रामीण जोखिम उठाकर पुल पार करते रहे।
इसी दौरान कुछ लोग नदी के तेज बहाव में बहकर आ रही लकड़ियों को पकड़ने के लिए भी पानी में उतर गए, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के ऊपर पानी आने की स्थिति में तत्काल आवागमन बंद कराया जाए, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा लोगों को तेज बहाव के दौरान पुल पार नहीं करने के लिए जागरूक किया जाए। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।