सावन का पहला सोमवार: शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें।
बलरामपुर…
सावन माह के प्रथम सोमवार पर जिलेभर के शिवालयों में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर शिवालयों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा।

बलरामपुर, वाड्रफनगर, रामानुजगंज, राजपुर के प्रमुख शिव मंदिरों सहित जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की।
सावन के पहले सोमवार पर महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। कई भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की। मंदिर परिसरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समितियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा पेयजल, कतार व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। वहीं प्रमुख शिवालयों में प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सावन के प्रथम सोमवार पर जिलेभर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। मान्यता है कि सावन सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ दिनभर शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।