पिकअप वाहनों में सवारी ढोने पर होगी सख्ती, नियम विरुद्ध स्कूल वाहनों पर भी कार्रवाई।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश, स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर जोर।
बलरामपुर….
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था, दुर्घटना नियंत्रण और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधार कार्य कराया जाए। उन्होंने ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड तथा अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं मॉडिफाइड (कस्टमाइज्ड) स्कूल वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी निजी विद्यालयों में स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कराने तथा दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने वाले विद्यार्थियों की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने तथा आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
कलेक्टर ने पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों में सवारियों के परिवहन पर सख्त रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्री परिवहन के लिए मालवाहक वाहनों का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में नियमित जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के उचित प्रबंधन के निर्देश भी दिए, ताकि पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दुर्घटना नियंत्रण, ई-डार, प्रधानमंत्री राहत योजना तथा सड़क सुरक्षा मित्र एवं राहगीर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्रस्तुत की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।