श्रवण यंत्र मिलने से लौटी सुनने की खुशियां, दो बुजुर्गों को मिला नया सहारा।

कलेक्टर की संवेदनशील पहल पर त्वरित कार्रवाई, हितग्राहियों को तत्काल उपलब्ध कराया गया श्रवण यंत्र।
बलरामपुर….
बढ़ती उम्र के साथ सुनने की क्षमता कमजोर होने से अपनों की बातें समझना और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहना जिन दो बुजुर्गों के लिए कठिन हो गया था, उन्हें अब फिर से सुनने की खुशियां मिल गई हैं। जिला प्रशासन की त्वरित एवं संवेदनशील पहल पर नगर पंचायत राजपुर निवासी सुमेश्वर तथा ग्राम डौरा निवासी शिवमंगल गुप्ता को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया।
दोनों हितग्राहियों ने श्रवण यंत्र के लिए जिला प्रशासन से आवेदन किया था। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने बिना विलंब के दोनों पात्र हितग्राहियों को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद दोनों बुजुर्ग अब परिवार के सदस्यों की बातें बेहतर तरीके से सुन और समझ पा रहे हैं। पहले सुनने में कठिनाई के कारण सामान्य बातचीत, सामाजिक आयोजनों में भागीदारी और दैनिक कार्यों में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब वे पहले की तुलना में अधिक सहजता से संवाद स्थापित कर सकेंगे और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से शामिल हो पाएंगे।
भावुक होकर दोनों हितग्राहियों ने कहा कि यह श्रवण यंत्र उनके लिए केवल एक सहायक उपकरण नहीं, बल्कि नई उम्मीद और नई शुरुआत है। उन्होंने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस सुविधा से उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। अब वे आत्मविश्वास के साथ अपनी दिनचर्या का निर्वहन कर सकेंगे।